औरैया। कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानें बंद होने से कहीं सन्नाटा रहा तो कहीं बेवजह लोग घूमते दिखे। पुलिस ने बाइक सवारों का चालान कर दिया। शहर में सुभाष चौराहा और संजय गेट पर होमगार्ड ड्यूटी करते दिखे लेकिन अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों के न होने से लोग घूमते नजर आए। दिबियापुर रोड, यमुना रोड, गोशाला रोड, लेडीज मार्केट, ब्लॉक रोड पर लोगों की आवाजाही दिखी। अधिकारियों के मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के कारण लोगों में भी खौफ नहीं दिखा। तहसील चौराहा, ब्लॉक गेट, जेसीज चौराहा, खानपुर चौराहा, सराफा बाजार, संकट मोचन मंदिर के समीप भी लोग बेवजह घूमते नजर आए। वहीं कई जगह सन्नाटा छाया रहा।
बेवजह निकले लोगों को हिदायत देकर लौटाया
बिधूना (औरैया)। मतगणना केंद्रों का जायजा लेने पहुंचीं एसपी को सड़कों पर लोग घूमते नजर आए। कर्फ्यू का पालन न होता देखकर एसपी ने खुद मोर्चा संभाला और बेवजह घूमने वालों को कड़ी हिदायत देकर लौटा दिया। मतगणना स्थल श्री गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना पहुंचीं एसपी अपर्णा गौतम को सड़कों पर चहल पहल दिखी। कई जगहों पर लोग बिना मास्क के घूमते दिखे। उन्होंने थानाध्यक्ष को लापरवाही न बरतने की हिदायत देकर खुद चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी राशिद अली खान मौजूद रहे। (संवाद)
ग्रामीण क्षेत्र में भी दिखी लापरवाही
सहायल(औरैया)। सहायल क्षेत्र के भटौली, शिवगंज, लहरापुर, अरियारी, असू सहित कई गांव ऐसे हैं, जहां लोग नियमों की अनदेखी कर भीड़ लगाए दिखे। गांव के लोग न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और नहीं मास्क लगा रहे हैं। इससे गांवों में बीमारी का खतरा और बढ़ता जा रहा है। (संवाद)