बिधूना (औरैया)। बेला क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10 बजे गांव झबरा में चार ड्रोन उड़ने की अफवाह पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आसमान में रोशनी देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि यह ड्रोन नहीं बल्कि हवाई जहाज हैं। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। थाना बेला क्षेत्र के गांव भदौरा, शिवरा, कल्यानपुर, ककराही, झबरा, रामनगर सहित कई गांवों में लोगों ने रात करीब 10 बजे हवा में लाइट जलती देखी।
इसी बीच किसी ने ड्रोन होने की बात दी। जिससे गांव के लोग अपनी छतों पर पहुंच गए। किसी ने रेकी करने की आशंका जताई तो किसी ने आसमान में उड़ती लाइट काे मोबाइल से कैमरे में कैद कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
लोगों की सूचना पर थाना पुलिस झबरा सहित अन्य गांवों में पहुंची। झबरा गांव के दुर्वेश, रामू, ब्रजेश, सुमित, अंकित, सचिन, संतोष आदि ने पुलिस को बताया कि ड्रोन काफी समय से आसमान में उड़ रहा है। कभी वह नीचे आ जाता है तो कभी ऊपर जाकर गायब हो जाता है। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
पुलिस ने मामले की जांच की और सभी को घर में रहने की सलाह दी। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को हवाई जहाज होने का हवाला दिया। मंगलवार सुबह भी पुलिस मामले में जुटी रही। बेला थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच में ड्रोन होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।