जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में बैठक के दौरान सांसद निधि व विधायक निधि के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही सांसद निधि के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पीडी डीआरडीए सहित गैर हाजिर एक्सईएन विद्युत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं एक्सईएन आरईएस से आदेश के बाद देर से वसूली के मामले में आहरण वितरण अधिकारी एक्सईएन आरईएस के विरूद्ध धन के दुरूपयोग पर राशि का ब्याज वसूलने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय में हुई बैठक में डीएम माला श्रीवास्तव ने सांसद व विधायक निधि के कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होनेे सांसद व विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की कार्यपूर्ति रिपोर्ट समय से न देने पर एक्सईएन आरईएस का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
वहीं पूर्व में जारी आदेश के बाद भी देर से वसूली करने के मामले में आहरण वितरण अधिकारी एक्सईएन आरईएस के विरूद्ध संबंधित धनराशि का ब्याज वसूलने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने 13 विद्यालयों के लिए सांसद निधि से स्वीकृत धन को अभी तक संबंधित विद्यालयों को आवंटित न किए जाने पर परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को नोटिस देने के निर्देश दिए। वहीं कई स्वीकृत कार्याें की दूसरी और तीसरी किस्त का पैसा समय से न भेजने के प्रकरण में भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने सीडीओ कार्य पूर्ति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तत्काल कार्य का सत्यापन कराने को कहाडीएम ने स्थानीय निधियों से स्वीकृत पेयजल हैंडपंपों के कार्य की भी समीक्षा की। वहीं स्वीकृत 25 में 24 कार्य पूर्ण होने की जानकारी पर शेष एक को पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एक्सईएन विद्युत पंकज शर्मा के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मनरेगा, एमआईएस फीडिंग की समीक्षा के साथ सौ दिन से अधिक रोजगार प्राप्त करने वाले श्रमिकों को अलग से चिह्नित करने के निर्देश दिए।डीएम ने चार जुलाई को जिले में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी, पीडी जीपी गौतम सहित सभी खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।