बिधूना। ठंड बढ़ने के साथ ही सीएचसी में खांसी और जोड़ों के दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। ओपीडी में सबसे अधिक लोग त्वचा रोग, श्वांस, जोड़ों के दर्द और बच्चों में सर्दी-जुकाम व बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार ठंड के कारण त्वचा में रूखापन, खुजली, हाथ-पैरों में लाल धब्बे जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं में जोड़ों के दर्द की शिकायत अधिक देखने को मिल रही है। कई मरीज हाथ-पैर की अंगुलियों में सूजन से भी परेशान हैं।
सीएचसी की ओपीडी में एक से पांच वर्ष तक के बच्चे भी बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंचे। उन्हें सर्दी लगने के कारण बुखार, खांसी और जुकाम की समस्या थी। पूरे दिन में अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित 256 मरीजों का उपचार किया गया।
डॉ. विकास मिश्रा और डॉ. सौरभ ने मरीजों का इलाज किया। डॉक्टरों ने बताया कि प्रतिदिन दो से तीन गंभीर श्वांस रोगी अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्हें आवश्यकता पड़ने पर ऑक्सीजन लगाकर राहत दी जा रही है। अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि सर्दियों में हवा शुष्क हो जाती है। इससे त्वचा अपनी नमी खो देती है। इससे खुजली और रूखापन बढ़ता है।