दिबियापुर (औरैया)। वेंटिलेटर न मिलने से वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के तीमारदार ने ट्वीट कर मदद मांगी थी लेकिन कुछ न हुआ। उसने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
मंगलवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे कानपुर निवासी प्रशांत शर्मा ने ट्वीट कर बताया कि उनके रिश्तेदार अयाना निवासी 60 वर्षीय प्रधान पद के प्रत्याशी डॉ राम प्रकाश को मतदान से तीन दिन पहले बुखार आने पर चिचौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका आक्सीजन लेवल 60 रह गया। वेंटिलेटर की सख्त आवश्यकता है। मरीज की हालत 25 अप्रैल से खराब है। कृपया कुछ करें टोल फ्री नंबर न भेजें। उससे कुछ नहीं हो रहा है। इसके बावजूद 112 नंबर से हेल्पलाइन नंबर भेज दिए गए। थोड़ी देर बाद प्रशांत ने दोबारा ट्वीट कर बताया कि साहब मरीज मर गया, सब लापरवाह हैं, बहुत खराब।
आक्सीजन लेवल कम होने पर महिला रेफर
दिबियापुर (औरैया)। सोमवार देर शाम एक महिला को आक्सीजन लेवल कम होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 50 वर्षीय सुमन देवी पाल निवासी सहायल रोड दिबियापुर को दिबियापुर सीएचसी में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। आक्सीजन लेवल 56 होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया। (संवाद)