फोटो-15-गर्मी से बेहाल धूप में खड़ी बसों के अंदर बैठे यात्री।संवाद
बिधूना। जनपद का तापमान 44 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं, रोडवेज चालक व परिचालक धूप में रोडवेज बस खड़ी कर देते हैं। आधा घंटे तक बस धूप में खड़े होने से बस में बैठीं सवारियां गर्मी से परेशान हो रही हैं।
तहसील पीछे बने रोडवेज बस स्टैंड से कानपुर मार्ग पर चलने वाली बसों को सवारियां बैठाने के लिए बेला रोड पंप के पास धूप में 30 मिनट खड़ा किया जाता है। चालक व परिचालक सवारियों के इंतजार में बस को धूप में खड़ाकर खुद दुकानों में बैठ जाते हैं। सवारियों ने बताया कि बस जल्द चलाने की बात कही तो चालक समय पूरा होने की बात कहते हैं।
कुदरकोट की शिवानी ने बताया कि वह अंगदपुर जाने के लिए बस में लगभग 25 मिनट से बैठी रहीं। गर्मी के कारण बेहाल रहे। राजाराम ने बताया कि वह रसूलाबाद जा रहे थे। भीषण गर्मी व धूप में बस खड़ी होने से दिक्कत हुई।
इस संबंध में औरैया एआरएम अर्पणा मीनाक्षी बताया कि कानपुर के विकास नगर डिपो के अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है कि चालक व परिचालक मनमानी से बसें धूप में खड़ी कर रहे हैं। बसों को छांव में खड़ी करने के निर्देश हैं।(संवाद)