एरवाकटरा। क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों में पंचायत सहायकों की गैरहाजिरी ग्रामीणों के लिए परेशानी बनती जा रही है।
जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते पंचायत घरों में कामकाज प्रभावित है और ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
इन दिनों एसआईआर और फार्मर रजिस्ट्री जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। प्रशासन समय रहते इन योजनाओं को पूरा कराने पर जोर दे रहा है, लेकिन पंचायत सहायकों की लगातार अनुपस्थिति से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एसआईआर के तहत जारी नोटिसों के जवाब दाखिल करने के लिए 13 आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। इनमें परिवार रजिस्टर की नकल भी शामिल है। यह दस्तावेज ग्रामीणों को अपने गांव के पंचायत घर में तैनात पंचायत सहायक से आसानी से मिल सकता है, लेकिन पंचायत सहायक के ड्यूटी पर न रहने से ब्लॉक मुख्यालय जाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
शनिवार को पंचायत घरों की पड़ताल के दौरान सुबह करीब 11.08 बजे रमपुरा पंचायत घर, सुबह 11.30 बजे कुकरकाट पंचायत घर, दोपहर 11.54 बजे तुर्कपुर यासीन पंचायत घर और दोपहर 12.28 बजे जयसिंहपुर कनक पंचायत घर बंद मिले। पंचायत सहायकों की इस स्थिति ने निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
संबंधित पंचायत सचिवों से इसकी जांच कराई जा रही है। जांच में पंचायत सहायकों के ड्यूटी से नदारद पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
-संजीव पांडेय, खंड विकास अधिकारी
फोटो-11-पंचायत सचिवालय जयसिंहपुर में बंद ताला।संवाद