औरैया। नगर पालिका परिषद में चल रही जांच अधर में लटकी है। जांच अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका की ओर से कुछ फाइलों को उपलब्ध नहीं कराया गया है। वहीं अधिकारी जल्द ही जांच पूरी कर रिपोर्ट दिए जाने की बात कह रहे हैं।
औरैया शहर में पांच सितंबर को निरीक्षण पर आए नोडल अधिकारी/उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रबंध निदेशक को सभासद व कुछ अन्य लोगों ने शिकायती पत्र देकर नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए थे। जिस पर नोडल अधिकारी के आदेश के बाद डीएम सुनील कुमार वर्मा की ओर से सात सितंबर को गठित पांच सदस्यीय टीम ने शिकायती पत्रों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच टीम गठित किए जाने के लगभग डेढ़ माह बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है। उधर सूत्रों की माने तो नगर पालिका प्रशासन ने वर्ष 2018-19 में खरीदे गए बिजली उपकरणों व कूड़ा डिब्बों की खरीद से संबंधित फाइल गुम हो गई हैं। जिसके चलते नगर पालिका अभी तक उन्हें नहीं दे सका है। बीते दिनों समिति के अध्यक्ष एडीएम रेखा एस चौहान ने ट्रेजरी अधिकारी से तीन दिन में जांच पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन बीच में ही शिकायती पत्रों के बढ़ने से जांच प्रक्रिया व समय सीमा फिर से बढ़ गई है। वहीं फाइले न मिलने से जांच भी प्रभावित है।
वर्जन
पहले पांच फाइलों की जांच करनी थी, लेकिन फिर से शिकायती पत्र बढ़कर 50 फाइलें हो चुकी हैं। ऐसे में सभी फाइलों की जांच करने में थोड़ा समय लगता है। फिलहाल एक सप्ताह में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। -प्रदीप कुमार, ट्रेजरी अधिकारी