औरैया। जनपद में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत क्रय एजेंसियों की ग्रामीण व प्रमुख मंडियों में धान, बाजरा और मक्का खरीद के लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं। बाजरा और मक्का की खरीद जहां केंद्रों पर शुरू हो गई है। वहीं, एक नवंबर से धान की खरीद भी शुरू हो जाएगी।
खरीफ सीजन में सरकारी उपज खरीद के लिए इस बार धान के लिए 28 केंद्रों की संस्तुति मिली है। इसके अलावा बाजरा के 16 और मक्का के तीन केंद्र स्थापित हुए हैं। इस बार कॉमन धान की एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। ए ग्रेड धान 2461 रुपये प्रति क्विंटल खरीदी जाएगी। वहीं, बाजरा का भाव 2900 रुपये प्रति क्विंटल व मक्का का भाव 2410 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है।
उपज बिक्री करने के लिए किसानों को अपने पहचान पत्र के तौर पर फार्मर आईडी दिखानी होगी। बाजरा व मक्का विक्रय करने के लिए पंजीकरण शुरू है। वृद्ध होने की स्थिति में माता-पिता, पति-पत्नी, पुत्र-पुत्री, दामाद-पुत्रवधू या सगे भाई-बहन में से किसी एक को नॉमिनी नामित किया जा सकता है। उपज बिक्री करने के 48 घंटे के अंदर भुगतान किया जाएगा। जिला विपणन अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि एक नवंबर से धान खरीद जनपद में शुरू हो रही है। वहीं, बाजरा और मक्का की खरीद जारी है।