औरैया। चिचौली स्थित 100 शय्या युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम सोमवार से शुरू हो गया। पहले बेडों तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद मशीनें लगाईं जाएंगी।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा के प्रयासों से चिचौली के चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट को स्वीकृति मिली थी। प्लांट के लिए गेल ने बुनियादी ढांचा तैयार करा दिया था। सोमवार को गेल की ओर से ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। यहां कर्मचारियों ने अस्पताल के कमरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद 100 बेडों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए फिटिंग का काम शुरू किया। फिटिंग का काम लगभग एक सप्ताह चलेगा। जिसके बाद सभी बेडों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए मशीनें लगाएंगी।
सीएमएस डॉ. प्रमोद कुमार कटियार ने बताया कि सोमवार को अस्पताल परिसर में लगाए जाने वाले ऑक्सीजन प्लांट को लेकर काम की शुरुआत हो चुकी है। जल्द ही अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी।
मरीजों को लिफ्ट की सुविधा भी मिलेगी
चिकित्सालय और कोविड अस्पताल में दो-दो लिफ्ट लगीं है। इन भवनों के बनने के बाद से लिफ्ट आज तक नहीं चलाई गईं थीं। सोमवार को सीएमएस ने लिफ्ट का संचालन शुरू कराया। उन्होंने बताया कि कुछ कमियां थीं, जिसके चलते लिफ्ट आज तक नहीं चली थीं। अब लिफ्ट ने काम करना शुरू कर दिया है, इससे मरीजों को सुविधा मिलेगी।