औरैया। जिले में नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र लगभग सभी जगहों पर कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इसके बाद भी लोग कोरोना गाइड लाइन की अनदेखी कर रहे हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में जिले में 40 नये पॉजिटिव केस सामने आए। जनवरी माह में 462 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सक्रिय मामले 273 हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण ने एक जनवरी से रफ्तार पकड़ी है। जनवरी की 21 तारीख तक लगातार पॉजिटिव केस सामने आए हैं। लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए लोग बिना मॉस्क के घूम रहे हैं। खास कर ऑटो-टेंपो व अन्य सवारी वाहनों में शारीरिक दूरी तक का पालन नहीं हो रहा है। इससे संक्रमण की रफ्तार और बढ़ी है।
जिले में शुक्रवार को 40 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जबकि 33 मरीज स्वस्थ हुए। वर्तमान में 273 सक्रिय केस हैं। इनमें सात मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए लोग अपने घरों से मॉस्क पहनकर निकलें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। समय-समय पर साबुन से हाथ धोएं व सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
संक्रमितों में तीन स्वास्थ्य व एक पुलिस कर्मी शामिल
100 शैया अस्पताल में दो, दिबियापुर सीएचसी में एक स्वास्थ्य कर्मी, एरवाकटरा थाने में एक पुलिस कर्मी व सेंट जोसेफ स्कूल में एक कर्मी कोरोना संक्रमित मिला है। वहीं, दिबियापुर एनटीपीसी में आठ, एनवाईपीसी में दो व गेल गांव में तीन संक्रमित मिले।
साथ ही तिलक नगर में दो, मौलाना आजाद कुंज में एक, हिमगिरी में एक, पंजाबी कॉलोनी में एक, औरैया में एक, सुभानपुर में एक, जलोखर में एक, अजीतमल में एक, सत्तेश्वर में एक, कंचौसी बाजार में एक, मुख्यालय में एक, कटरा में एक, रूहाई मोहाल में एक, बनारसी दास में एक, अछल्दा कांशीराम में एक, बदनपुर में एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है।