फोटो 14 एयूआरपी 09 परसेपुरा में पंपिंग से निकाला जाता पानी। संवाद
बिधूना। बेला के मजरा परसेपुरा में तालाब ओवरफ्लो होने से ग्रामीणों की बस्ती में पानी भरने से हालात खराब हैं। इस समस्या को अमर उजाला ने 11 अगस्त के अंक में प्रकाशित किया था। इस पर ब्लॉक प्रशासन ने ग्राम प्रधान व सचिव को निर्देश दिए थे। गुरुवार को पंपिंग सेट से जल निकासी शुरू की गई है।
तालाब के पानी की निकासी शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से तालाब का पानी बस्ती में भरे होने के कारण मच्छर व दुर्गंध की समस्या बढ़ गई थी। इससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा था। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से बस्ती में दवा का छिड़काव और गंदगी दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की भी मांग की है।
जल निकासी शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और अमर उजाला का आभार व्यक्त किया। बीडीओ बिधूना रामदुलार ने बताया कि तालाब ओवरफ्लो होने की ग्रामीणों से शिकायत मिली थी। सचिव व प्रधान से कहकर पानी निकासी की व्यवस्था पंपिंग सेट लगाकर कराई जा रही है।