जिसका इंतजार था, वो तो हुआ नहीं, लेकिन लोगों के लिए राहत भरी खबर जरूर है। बुधवार से डीएम के फरमान पर अधूरे संसाधनों बीच ग्राम चिचौली में निर्माणाधीन जिला अस्पताल में ओपीडी का शुभारंभ हो रहा है। इसके लिए मंगलवार को जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से वैकल्पिक इंतजाम पूरे कराए गए।
वर्ष 2009 से औरैया-दिबियापुर मार्ग स्थित ग्राम चिचौली के निकट जिला अस्पताल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो जिला अस्पताल परिसर में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के टाइप-1, 2 व 3 के आवासीय भवन के अलावा मुख्य मार्ग से जिला अस्पताल को जाने वाला संपर्क मार्ग, मोर्चरी को जाने वाले संपर्क मार्ग के साथ ही जिला भवन में कई कार्य अधूरे हैं। हां केवल जिला अस्पताल में ओपीडी सेक्शन पूरी तरह तैयार है।
इस पूरे सेक्शन को देखते हुए डीएम माला श्रीवास्तव ने अस्पताल प्रशासन को बुधवार से जिला अस्पताल में ओपीडी शुरू कराने का फरमान जारी कियौ।
डीएम के आदेश के अनुपालन हेतु जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से निर्माणाधीन जिला अस्पताल में ओपीडी के संचालन को एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट तथा एक वार्ड ब्वाय को तैनात किया गया है।
वहीं आज से जिला अस्पताल में ओपीडी कार्य की शुरूआत कराने के लिए जिला अस्पताल के सीएमएस डा. नवीन चंद्र मिश्रा ने चीफ फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार व ओटी इंचार्ज विष्णु दीक्षित जिला अस्पताल पूरे दिन निर्माणाधीन जिला अस्पताल में जमे रहे।
सीएमएस ने अपने सामने औरैया जिला संयुक्त चिकित्सालय से लाए गए फर्नीचर, दवाइयां, स्टेशनरी को ओपीडी कक्ष में व्यवस्थित कराया।
ओपीडी में चलेगा ड्यूटी चार्ट का रूल- औरैया। निर्माणाधीन जिला अस्पताल में आज से शुरू हो रही ओपीडी में अस्पताल प्रशासन की ओर से ड्यूटी चार्ट जारी किया गया है।
फिलहाल ड्यूटी चार्ट में जिला संयुक्त चिकित्सालय में कार्यरत सभी पुरुष चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाईं गईं हैं। चार्ट में दर्ज चिकित्सकों को अपनी बारी आने पर ड्यूटी पर मौजूद रहना अनिवार्य किया गया है।
सुबह आठ से दो बजे तक मिलेगा उपचार- औरैया। ग्राम चिचौली में निर्माणाधीन जिला अस्पताल में इलाज कराने वाले रोगियों का उपचार के लिए ओपीडी का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक का निर्धारित किया गया है।
अस्पताल अधीक्षक की ओर से तैनात चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ को ओपीडी के समय मौजूद रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
अच्छे दिन भी आएंगे- औरैया। आज अधूरे संसाधनों के साथ ही सही जिला सृजन के 18 साल बाद पूर्ण रूपेण जिला अस्पताल के अपने भवन से ओपीडी की शुरुआत होने से आगे अच्छे दिन आने की उम्मीद सजी है। आज अधूरे हैं तो क्या, कल पूरे संसाधनों से लैस जिला अस्पताल का जिले के लागों को लाभ मिले की आशा जगी है।
ग्राम चिचौली स्थित जिला अस्पताल भवन ओपीडी संचालन को पूरी तैयार है। समय के साथ ही यहां रोगियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डा. नवीन चंद्र मिश्रा, जिला अस्पताल अधीक्षक