औरैया। जिले के थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस बारिश की भेंट चढ़ गया। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व एसपी अभिजित आर शंकर ने फफूंद थाने में शिकायतें सुनीं।
पूरे दिन में यहां सिर्फ 11 शिकायतें आईं। मौके पर आठ मामले निपटाए गए। तीन राजस्व शिकायतें निस्तारित नहीं हो सकीं। फफूंद के ऊंचा टीला निवासी कमलेश कुमार ने डीएम को शिकायती पत्र दिया। बताया कि उसने करही रोड पर प्लॉट खरीदा था। जिसपर एक महिला कब्जा कर अपनी भूमि बता निर्माण नहीं करने दे रही हैं।
इस पर डीएम ने थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल व लेखपाल नागेश चतुर्वेदी को मौके पर जांच के लिए भेजा। टीम की पैमाइश में प्लॉट कमलेश का निकला। टीम ने उनको तुरंत प्लॉट पर कब्जा दिलवाया।
डीएम ने बताया कि शेष तीन शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी है। जल्द ही मामले निपटाए जाएंगे। वहीं बेला थाना में एडीएम एमपी सिंह, एएसपी आलोक मिश्रा ने जनता की फरियाद सुनी। पूरे दिन में पांच फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। सभी मामलों में अधिकारियों ने टीम गठित कर निस्तारण करवाने के निर्देश दिए हैं।
बिधूना कोतवाली में तहसीलदार जितेश वर्मा, कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने शिकायतें सुनीं। पूरे दिन में कुल आठ शिकायतें आईं। मकान के बंटवारे की शिकायत पर अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर निपटारा कराया।
तहसीलदार जितेश वर्मा ने बताया कि शेष सात शिकायतों में लेखपाल व पुलिस की टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी है। जल्द ही सभी समस्याओं का निस्तारण करवाया जाएगा। सहार थाना में थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल चार शिकायतें आईं। जिसमें एक का ही निस्तारण हो सका।