घटना के बाद मृतका के भाई अंकित को संभालता पिता रामविलास।
- फोटो : amar ujala beuro
रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार को भाई के साथ जा रही एक डेढ़ वर्षीय बच्ची को डीसीएम ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने डीसीएम ड्राइवर को पकड़कर पुलिस की सौंप दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर डीसीएम को थाने में खड़ा करा लिया।
कांशीराम कालोनी निवासी लगभग 11 वर्षीय अंकित पुत्र रामविलास अपनी डेढ़ वर्षीय बहन परी को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर से गुजर रहा था। वह ओवरब्रिज के नीचे अपने पिता की दुकान तक जा रहा था। अंकित अभी पब्लिक रिजर्वेशन काउंटर के पास पहुंचा था, तभी बेकाबू डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। इससे परी डीसीएम के नीचे आ गई। हादसे में परी की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के आसपास के लोगों ने डीसीएम ड्राइवर को पकड़ लिया।
घटनास्थल रेलवे परिसर होने के कारण आरपीएफ प्रभारी वीरेंद्र कुमार, जीआरपी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना दिबियापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पकड़े गए डीसीएम ड्राइवर निशांत पुत्र हीरालाल निवासी गजना बिल्हौर को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। मृतका के पिता रामविलास ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
हमार देवी ही छीन ली देवी मइया
हाय देवी मइया हमार देवी ही नवरात्र की नवमी को छीन ली। परी की मां को रोते हुए देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। परी के पिता रामविलास ने बताया कि लगभग दो साल पहले वह अपने एक बेटे को खो चुका है। डेढ़ साल पहले घर में बेटी ने जन्म लिया तो बेटा खोने का दुख कुछ कम हुआ था। अब बेटी के छिन जाने से उसकी पत्नी को कौन संभाले। मृतका परी का भाई अंकित बार बार बेहोश हो जाता। लोग उसे संभालने और समझाने में लगे रहे।