औरैया। प्रदर्शनी पंडाल में मंगलवार शाम आयोजित भजन संध्या में डीएम ने वृद्धाश्रम से बुजुर्गों को भी आमंत्रित किया। पंडाल में जैसे ही मेरे देश की धरती सोना उगले गीत गूंजा, बुजुर्गों में भी जोश भर गया और वो झूमने लगे।
भजन संध्या कार्यक्रम में कानपुर के कलाकारों ने भक्ति गीत सुनाए। डीएम सुनील कुमार वर्मा ने गांव आनेपुर स्थित वृद्धाश्रम से राजाबेटी, भिखारी चाचा, अहिबरन, फूलन देवी, झम्मक लाल, सुखदेवी, जगत सिंह, रामकुमार, रामनारायन, दूजा अम्मा, उजियारे को आमंत्रित किया। बुजुर्गों ने भक्ति गीतों का आनंद लिया। भजन संध्या के बाद वृद्धों ने मेले का भी आनंद लिया। कार्यक्रम में पहुंचे डीएम ने वृद्धा राजाबेटी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर एडीएम रेखा एस चौहान, जिला सोशल आडिट कोआर्डिनेटर विद्या सिंह मौजूद रहीं।
बाल नृत्य गायन प्रतियोगिता ने मन मोहा
प्रदर्शनी में बुधवार सुबह बाल नृत्य व गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर व सीनियर वर्ग के 42 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें सहार, बिधूना, औरैया, भाग्यनगर ब्लॉक के बच्चों ने गीत व नृत्य प्रस्तुत कर मन मोह लिया। प्रतियोगिता में नायब तहसीलदार पवन कुमार, सुनील दत्त राजपूत, अलका यादव ने निर्णायक की भूमिका अदा की। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत अवस्थी ने किया। नोडल अधिकारी विक्रांत पोरवाल ने सहयोग दिया। (संवाद)