औरैया। कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। एक-दो दिन संक्रमित न मिलने के बाद अचानक मरीज बढ़ रहे है। मंगलवार को कोरोना संक्रमित वृद्धा की मौत हो गई। अभी तक संक्रमण की चपेट में आकर 186 लोगों की जान जा चुकी है। अब जिले में एक्टिव केस 17 हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि सैफई अस्पताल में भर्ती दिबियापुर कस्बे के सहायल रोड निवासी कोरोना संक्रमित 65 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। संक्रमण की स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए एक्टिव हॉटस्पॉट क्षेत्रों की संख्या में कमी नहीं की गई है। जिले में सात एक्टिव हॉटस्पाट क्षेत्र हैं। जिले के बाहर प्राइवेट कोविड अस्पतालों में भर्ती संक्रमित मरीजों की संख्या 15 है।
वहीं, कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों के तमाम दावे तो किए जा रहे हैं। लेकिन अभी दूसरी लहर को पूरी तरह से नियंत्रण कर पाने में स्वास्थ्य विभाग नाकाम है। मंगलवार को वृद्धा की मौत से तो यह अंदाजा लगाया जा रहा है। इतना सब कुछ होने के बाद नियमों का कड़ाई से पालन नहीं कराया जा रहा है।