औरैया। बरसात, ओवरलोडिंग और अनदेखी की मार से जर्जर हो चुकीं जिले की 50 सड़कों के दिन बहुरने वाले हैं। पैदल चलने के भी लायक नहीं रहीं इन सड़कों को अब लोगों के आवागमन के लायक बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। 10 करोड़ रुपये का बजट भी जारी हो चुका है। जल्द ही इन बदहाल सड़कों की सूरत संवारी जाएगी।
दरअसल, जिले में कई ऐसी सड़कें हैं, जिन पर गाड़ी का गुजरना तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। पीडब्ल्यूडी ने ऐसी बदहाल हो चुकीं सड़कों की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी थीं। लंबे अर्से के बाद शासन ने उन 50 सड़कों की मरम्मत की मंजूरी दे दी है। इसके लिए 22 जनवरी को ही शासन से मंजूरी की चिट्ठी जारी हो चुकी है। इन सभी सड़कों की मरम्मत के लिए बजट भी जारी हो चुका है। मंजूरी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी अब उन सड़कों की सूरत संवारने की तैयारी में जुट गए हैं।
इन प्रमुख सड़कों की संवरेगी सूरत
-मुरादगंज से दलेलनगर मार्ग पर 27 लाख रुपये से मरम्मत का काम।
-फफूंद पाता मार्ग से तर्रई मार्ग पर 28 लाख रुपये से मरम्मत होगी।
-फफूंद पाता हरचंद्रपुर मार्ग से दखनई मार्ग तक 24 लाख से मरम्मत।
-बूढ़ादाना रजबहा से बूढ़ादाना संपर्क मार्ग पर 29 लाख से मरम्मत।
-बूढ़ादाना रजबहा से भियांपुर मार्ग पर 27 लाख रुपये से मरम्मत होगी
-सहार से कुंवरपुर जमालपुर मार्ग की 22 लाख रुपये से मरम्मत।
-सहायल संपर्क मार्ग से टेढ़ा संपर्क मार्ग की 34 लाख से मरम्मत।
-ताजपुर नहर पट्टी से कुर्सी संपर्क मार्ग की 23 लाख से मरम्मत।
-गढ़वाना बहादुरपुर मार्ग से अहनैया नदी पुल तक 28 लाख से मरम्मत।
-नौनिकपुर से अछल्दा मार्ग वाया मानिकपुर मार्ग पर 23 लाख से मरम्मत।
-अछल्दा से वीरपुर मार्ग पर 28 लाख से मरम्मत का काम।
-बेला औरैया मार्ग से पुर्वा तारा वाया पुर्वा भीमा मार्ग की 24 लाख से मरम्मत।
300 गांव की बड़ी आबादी को फायदा
जर्जर हो चुकीं सड़कों की मरम्मत होने से 300 से ज्यादा गांव की बड़ी आबादी को आवागमन में फायदा होगा। कंचौसी की जिस अमौआहार से मुडरिया के बीच डेढ़ किलोमीटर संपर्क मार्ग की 31 लाख 43 हजार की लागत से मरम्मत होगी। उस मार्ग से आसपास के कनमऊ, आघारा, कंचौसी, नौगवा गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। इसी तरह कंचासी से भग्गापुरवा के बीच जिस सड़क की 23 लाख की लागत से मरम्मत होगी, उसके संवरने से आसपास के प्रसाद पुरवा, दोही, ककोर, मंगलपुर रोड से जुड़े लोगों को इससे सहूलियत होगी।
बोले जिम्मेदार
जिले की अलग-अलग सड़कों की रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी गई थी। सड़कों की मरम्मत के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही उन सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। कुछ और सड़कों की भी रिपोर्ट बनाकर भेजी जा रही है। -अमर सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी औरैया