औरैया। कानपुर रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार को जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) नाबार्ड की अध्यक्षता में सरकारी व गैर सरकारी संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान औरैया व इटावा में कार्य कर रहीं स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं कृषक उत्पादक संगठन के सदस्यों को अधिकारियों ने संबोधित किया। समस्याएं सुनते हुए प्रगति पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ( नाबार्ड ) के जिला विकास प्रबंधक अरुण कुमार की अध्यक्षता में गैर सरकारी व सरकारी संवाद शुरू हुआ। इस संवाद में औरैया इटावा से अवॉर्ड संस्था से सुमित कुमार, अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति से रीना पांडेय, प्रारंभ समाज सेवी संस्थान से दीप नारायण शुक्ला, श्रमिक भारती से बिपिन, स्टार्ट सोसायटी से सूरज कुमार ने विगत कई वर्षों से नाबार्ड एवं कृषि विभाग से जुड़कर किए जा रहे काम के अनुभव तथा संघर्षों को विस्तृत रूप से साझा किया।
जिला विकास प्रबंधक अरुण कुमार ने नाबार्ड द्वारा कार्य क्षेत्र में दिए जा रहे सहयोग से फील्ड में हो रहे परिवर्तन के बारे में बताया। गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्था एवं कृषक उत्पादक संगठन फील्ड में कुछ मॉडल रूप में काम करने की सलाह दी। जिनको विभाग द्वारा देखा जा सके। समाज सेवा के नाम पर व्यवसाय न करने की अपील की गई। ईमानदारी के साथ धरातल में काम किया जाएगा तो कार्य की प्रगति निश्चित रूप से दिखाई देगी।
उप कृषि निदेशक औरैया प्रदीप यादव ने कहा कि जनपद में जो भी एफपीओ है, वह कृषि विभाग से लाभ लेने के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान के लिए तो आगे आते है, लेकिन उसके बाद बैठक में प्रतिभाग नहीं करते है। सभी कृषक उत्पादक संगठन अपना कार्य अच्छे से करें। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी हिमांशु रंजन ने कहा कि जनपद के सभी कृषक उत्पादक समय से बैठक में प्रतिभाग नहीं करते है। बैठकों से जानकारी मिलती है, फार्म मशीनरी बैंक और कई तरह के अनुदान लेकर फिर विभाग में आते ही नहीं है। संगठन के साथ ही काम करें। संगठन में शक्ति है। एफपीओ एक संगठन है व्यक्तिगत नहीं। इस दौरान शक्ति पोर्टल में डेटा समय से भरने की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले में फिलहाल 15 एफपीओ ही बने हैं। कम से कम 50 एफपीओ जिले में होने चाहिए। निदेशक आर सेट्टी ने उपस्थित प्रतिभागियों की क्षमता वर्धन एवं मौके पर समस्याओं का निस्तारण किया। इस मौके पर 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।