औरैया/बिधूना। कस्बे के लोगों की सहूलियत के लिए वार्डों में सौर ऊर्जा से संचालित सबमर्सिबल पंप लगेंगे।
इससे बिजली गुल होने के बाद भी लोगों को पानी मिलता रहेगा। इसके लिए कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर 19 सबमर्सिबल लगाए जाएंगे।
कस्बे में जलापूर्ति देने के लिए पानी की टंकियों पर बिजली से नलकूप चलते हैं, लेकिन बिजली गुल होने की स्थिति में नलकूप चल नहीं पाते हैं। इससे लोगों को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ता है।
अब कस्बे के 15 वार्डों में सबमर्सिबल लगेंगे और वहीं पर पांच-पांच हजार लीटर की टंकियां भी रखी जाएंगी। ये सबमर्सिबल सौर ऊर्जा से चलेंगे और उसी से टंकियां भरेंगी।
इसके बाद यहां के लोग इन टंकियों के जरिए पानी ले सकेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के साथ चार सार्वजनिक जगहों पर सौर ऊर्जा से चलने वाले सबमर्सिबल व्यवस्था पर एक करोड़ 62 लाख 99 हजार की लागत आएगी। टंकी भी बनाईं जाएंगी। आरओ व वाटर कूलर भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कस्बे में बिजली न होने पर सौर ऊर्जा से नलकूपों को संचालित किया जाएगा। बताया कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। 15 से 20 दिनों में सबमर्सिबल लगने साथ ही टंकी बनाने का काम चालू करा दिया जाएगा।