कंचौसी। कंचौसी रेलवे फाटक के पास डीएफसी ट्रैक पर एक महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। मामला मंगलपुर थाना क्षेत्र के कस्बा कंचौसी का है।
मुबारकापुर गांव निवासी प्रेम कुमारी (55) पत्नी जमुना प्रसाद कंचौसी कस्बे में अस्पताल रोड पर रहती थीं। बुधवार सुबह वह किसी काम से लाइन पार जा रही थीं। तभी डीएफसी रेलवे लाइन पार करते समय कानपुर से इटावा की तरफ जाने वाली मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। इससे प्रेम कुमारी की मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और परिजनों से बयान लिए। कंचौसी चौकी प्रभारी अनिल सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।