औरैया। धान खरीद विपणन वर्ष 2021-22 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें 42 क्रय केंद्र के सापेक्ष 11 का चयन होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही पीसीएफ के जिला प्रबंधक के अनुपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को धान खरीद की व्यवस्था और क्रय केंद्रों की जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने हकीकत जानी। अब तक कम केंद्र बनाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पीसीएफ के आठ, खाद्य विभाग के पांच, भारतीय खाद्य निगम के दो, पीसीयू के 11, मंडी परिषद के एक तथा यूपीएसएस के चार क्रय केंद्र का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश क्रय एजेंसी प्रभारियों को दिए। एआर कॉपरेटिव कमलाकांत मिश्रा को पीसीएफ, पीसीयू तथा यूपीएसएस के सभी क्रय केंद्रों को सक्रिय कराने तथा खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रबंधक पीसीएफ कृष्ण यादव के बैठक में अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया। डिप्टी आरएमओ सुधांशू शेखर चौबे ने बताया कि जिले में 65400 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने कहा कि क्रय केंद्र बंद पाए जाने, केंद्र प्रभारी के अनुपस्थित रहने पर व अभिलेख, आवश्यक उपकरण उपलब्ध न कराए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्ता के नाम पर अनावश्यक धान खरीद न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डिप्टी आरएमओ सुधांशूू शेखर ने कहा कि दो दिन के अंदर क्रय केंद्रों की संख्या में वृद्धि कर ली जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान आदि अधिकारी रहे।