जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते नोडल अधिकारी अनिल कुमार
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जिले के नोडल अधिकारी ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में सफाई और बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कोरोना जांच पर जोर दिया।
शनिवार को बिधूना सीएचसी और ब्लाक का निरीक्षण करने के बाद दोपहर बाद कलक्ट्रेट पहुंचे नोडल अधिकारी अनिल कुमार तृतीय ने अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डीपीआरओ से कहा कि गांव में नियमित सफाई हो। परिषदीय विद्यालयों के विद्युत बिलों का भुगतान समय से करें। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव को को निर्देश दिए कि कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए अभी से सारी तैयारियां पूरी कर लें। ग्रामीण व शहरी इलाकों में सफाई व सैनिटाइजेशन नियमित रूप से कराया जाए। डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे से कहा कि किसानों से धान खरीदने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लें। किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो। इसके साथ ही नोडल अधिकारी ने गोशाला संचालन की विशेष देखभाल पर जोर दिया। कहा कि जिले में काफी शिकायतें हैं। किसी भी गोवंश की भूख से मृत्यु नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जाने वाली राहत के बारे में जानकारी ली। बैठक में जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी सुंदरेशा, परियोजना निदेशक हरेन्द्र सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।