औरैया। बिहार में अवैध असलहा और कारतूस की तस्करी की जांच कर रही एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) टीम मंगलवार देर शाम शत्रुघ्न शर्मा उर्फ लाला को लेकर फिर औरैया पहुंची।
बुधवार को एनआईए उसे कमलकांत के संदिग्ध ठिकानों पर लेकर पहुंची और जांच की। औरैया निवासी लाला बिहार में अवैध कारतूस के जखीरे के साथ गिरफ्तार हुआ था। लाला कमलकांत का ड्राइवर रह चुका है।
सराफा कारोबारी कमलकांत वर्मा का नाम बिहार में अवैध असलहा और कारतूसों की तस्करी में आने के बाद चार दिसंबर को एनआईए टीम औरैया आई थी। अलग-अलग टीम ने एक साथ 13 जगहों पर छापा मारी कर जांच की थी।
इसके बाद बिहार के गांव कैमूर में कारतूसों के जखीरे के साथ गिरफ्तार कमलकांत के करीबी शहर निवासी लाला को लेकर टीम 15 दिसंबर को औरैया पहुंची थी। दो दिन शहर में लाला के साथ जालौन रोड और हाईवे पर कारतूसों की तस्करी के संबंधित सीन रीक्रिएट किए गए थे। इसके बाद टीम चली गई थी।
मंगलवार को लाला को लेकर एनआईए टीम लाला को लेकर फिर पहुंची। बुधवार को टीम उसे कमलकांत के संदिग्ध ठिकानों पर ले गई, वहां टीम ने जांच की। इस दौरान टीम के साथ बिहार पुलिस भी रही। कमलकांत के घर सहित 13 संदिग्ध ठिकानों पर छापा मारी के बाद दो बार टीम शहर आ चुकी है। बिहार के नंबर की गाड़ी से आए अधिकारियों को देख शहर के लोगों में चर्चा रही। देर शाम टीम लौट गई।
असलहे और कारतूस की बरामदगी का प्रयास
सूत्रों के अनुसार एनआईए को सूचना मिली है कि औरैया में अवैध असलहे और कारतूसों को छिपाया गया है। ऐसे में टीम इन्हीं की तलाश में जुटी है। लाला के बताए जा रहे संदिग्ध स्थानों पर टीम छापा मार रही है।
दो दिन पहले प्रशासन ने थमाया था नोटिस
एनआईए की ओर से सराफा कारोबारी कमलकांत वर्मा और उसके परिवार पर की गई कार्रवाई के बाद प्रशासन भी सतर्क हुआ। प्राथमिक जांच के बाद तीनों भाइयों को नोटिस जारी किए थे। नोटिस उनके नाम जारी शस्त्र लाइसेंस और असलहों के सत्यापन के लिए जारी किया गया था।