औरैया। कॉलेज में घुसकर पीटने के मामले में शिक्षक ने नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता के बेटे समेत सात लोगों के खिलाफ एक दिन पूर्व प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अब इस मामले में एक अभिभावक ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता के आरोप है कि शिक्षक ने उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत की है।
सदर कोतवाली के एक गांव निवासी पिता ने बताया कि उसकी बेटी नगर पालिका इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। पिता ने आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी कि कॉलेज के शिक्षक ब्रम्हनगर निवासी आलोक त्रिवेदी बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर उसे प्रताड़ित करते हैं। छुट्टी के बाद घर आकर कोचिंग पढ़ने का भी दबाव बनाते थे। इसको लेकर बेटी ने प्रधानाचार्य से शिकायत की, लेकिन शिक्षक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मंगलवार को उनका बड़ा बेटा इसकी शिकायत करने कॉलेज पहुंचा। वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ अभद्रता कर उसे पीटा। इसकी जानकारी बेटी ने फोन पर दी। उनका आरोप है कि शिक्षक का भाई नगर पालिका में सभासद है। पिता ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में कोतवाली पुलिस ने शिक्षक की तहरीर पर कॉलेज में घुसकर उन्हें पीटने के आरोप में नगर पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता के बेटे अभिषेक गुप्ता समेत सात पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिक्षक का कहना है कि शनिवार को कक्षा 11 की एक छात्रा को अनुपस्थित होने पर उन्होंने सिर्फ डांट दिया था।