मुरादगंज। क्षेत्र के भीखेपुर में बृहस्पतिवार सुबह नवविवाहिता का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पुलिस को देकर ससुराल पक्ष के लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फफूंद थाना क्षेत्र के सिम्हारा गांव निवासी विभा कुमारी (28) की शादी 26 अप्रैल को जुहीखा रोड भीखेपुर मूल निवासी मिलक थाना अयाना के आलोक कुशवाहा के साथ हुई थी। आलोक एक निजी विद्यालय में पढ़ाने के साथ ही घर पर कोचिंग भी चलाता है। विभा के चाचा नीलम कुमार और भाई पवन कुमार ने बताया कि शादी के बाद से लगातार विभा की सास सुनीला उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करती थी। बृहस्पतिवार सुबह आलोक ने फोन कर बताया था कि सुनीला और विभा के बीच फिर से झगड़ा हुआ है। इसके कुछ देर बाद ही आलोक ने बताया कि विभा ने फंदा लगा लिया है। मामले की जानकारी पाकर परिजन भीखेपुर पहुंचे। घटना की जानकारी देने के बाद ससुराल पक्ष के लोग भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि परिजन की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।