औरैया। जिलेभर के 144 परिषदीय स्कूलों में चल रहा निपुण आकलन सर्वे बीहड़ में पहुंचते ही चुनौतीपूर्ण बन रहा है। यहां पर नेटवर्क न मिलने की वजह से एप से सर्वे करने में डीएलएड प्रशिक्षु परेशान हो रहे हैं। ऐसे में सर्वे को पूरा करने के लिए उन्हें स्कूल परिसर के इधर से उधर चक्कर लगाने पड़ते हैं।
शासन के निर्देश पर जिले में निपुण आकलन सर्वे की शुरुआत हो चुकी है। जिले में 72 टीमों को सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्कूलों में डीएलएड प्रशिक्षु मोबाइल से सर्वे करने पहुंच रहे है। यहां पर बच्चों के शाब्दिक ज्ञान को एप के जरिए परखा जा रहा है लेकिन बीहड़ में नेटवर्क न आने से एप काम नहीं कर रहा है।
डीएलएड प्रशिक्षु स्कूल परिसर में नेटवर्क आने वाले स्थान को पहले जांच रहे हैं। इसके बाद बच्चों को बारी-बारी से उसी स्थान पर बुलाकर सर्वे कर रहे हैं। इसे लेकर डायट व बीएसए कार्यालय में कंट्रोल रूम से डीएलएड प्रशिक्षुओं का लगातार सहयोग भी किया जा रहा है। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि बीहड़ के कुछ स्कूलों में नेटवर्क की समस्या आ रही है। इसके लिए कंट्रोल रूम से सर्वे टीम का लगातार सहयोग किया जा रहा है।