औरैया। टीकाकरण में लापरवाही बरतने पर सीएमओ ने ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस प्रबंधक (बीसीपीएम) और चार सीएचसी अधीक्षकों का वेतन रोका है। इसके अलावा टीकाकरण की बैठक में भी गैरहाजिर रहने पर सीएमओ ने पांच सीएचसी अधीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रतिदिन टीकाकरण की समीक्षा की जा रही है। रविवार को कोविड टीकाकरण की प्रगति के संबंध में बैठक की गई। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल, अछल्दा, दिबियापुर, अयाना व एरवाकटरा के अधीक्षक अनुपस्थित रहे। इस पर डीएम सुनील कुमार वर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही सीएमओ को लापरवाहों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि नदारद लोगों से दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण की समीक्षा में पाया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा में 18 से अधिक उम्र के 45.8 प्रतिशत, एरवाकटरा में 47.08 प्रतिशत, अजीतमल में 47.6 प्रतिशत व बिधूना में 43.6 प्रतिशत को ही दूसरी डोज दी गई।
इस संबंध में ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस प्रबंधक, सीएचसी अजीतमल, अछल्दा, बिधूना व एरवाकटरा के अधीक्षकों की लापरवाही पाई गई है। इस वजह से इनका वेतन रोकते हुए दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीएमओ ने जिले में वैक्सीनेशन के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।