गेल गांव स्थित आडीटोरियम में बुधवार को देर शाम देश के विभिन्न प्रदेशों की संस्कृतियों से ओतप्रोत नृत्यों की प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बजीं।
मौका था डीएवी पब्लिक स्कूल के इंटर हाउस ग्रुप डांस एवं गायन कंप्टीशन का। विभिन्न आयु वर्गों की नृत्य प्रतियोगिता में दयानंद हाउस अव्वल रहा। वहीं सीनियर वर्ग के समूह गायन प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस ने बाजी मारी।
गेल के कार्यकारी निदेशक एमबी गोहिल एवं महाप्रबंधकों ने डीएवी प्रधानाचार्य आनंद स्वरूप सारस्वत ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तत्पश्चात एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियों में बच्चों ने विभिन्न प्रदेशों की संस्कृतियों की छठा बिखेरी।
कक्षा तीन से पांच तक सब जूनियर ग्रुप वर्ग में दयानंद हाउस ने सत्यम शिवम सुंदरम.., अशोक हाउस ने कृष्णा है वह कृष्णा है.., हंसराज हाउस ने चंदा मामा मेरे घर आना... एवं विवेकानंद हाउस के बच्चों ने के सरा सरा जो भी हो सो हो...फिल्मी गीतों पर नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर आगंतुकों का मन मोहा।
दयानंद ने पहला, अशोक ने दूसरा, विवेकानंद ने तीसरा एवं हंसराज हाउस के बच्चों ने चौथा स्थान पाया।
कक्षा छह से आठ तक के जूनियर ग्रुप वर्ग के बच्चों ने रीजनल ग्रुप डांस में दयानंद हाउस के बच्चों ने महाराष्ट्र नृत्य, अशोक हाउस के बच्चों ने गरबा नृत्य, हंसराज हाउस के बच्चों ने पंजाबी नृत्य एवं विवेकानंद हाउस के बच्चों ने राजस्थानी नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी।
दयानंद हाउस ने पहला, अशोका ने दूसरा, हंसराज ने तीसरा, विवेकानंद हाउस के बच्चों ने चौथा स्थान पाया।
सीनियर वर्ग के बच्चों के बीच समूह गायन प्रतियोगिता हुई। दयानंद हाउस के बच्चों ने आशाएं खिले दिल की..., अशोक हाउस के बच्चों ने आजा रे मितवा..., हंसराज हाउस ने वो सिंकदर सिकंदर झांक ले दिल के अंदर..., विवेकानंद हाउस के बच्चों ने बढ़ते चलो बढ़ते चलो सामूहिक गीत पर प्रस्तुतियां दीं।
सामूहिक गीत में बच्चों ने भूकंप त्रासदी में मारे गए लोगों को श्रृद्धांजलि अर्पित की। विवेकानंद हाउस को पहला, हंसराज हाउस को दूसरा, दयानंद हाउस को तीसरा एवं अशोका हाउस को चौथा स्थान मिला।
निर्णायक की भूमिका श्रीमती डाली खान, श्रीमती बिनी थामस, श्रीमती साल्वी ने निभाई। गेल के कार्यकारी निदेशक एमबी गोहिल के साथ महाप्रबंधकगण एके श्रीवास्तव, एसआर दास, एमआर मेश्राम, संजीव मेहदी, सुभाष सिंघल, प्रधानाचार्य डीएवी आनंद स्वरुप सारस्वत, सीएमओ गेल डा.एम आमिल, निधि राठौर आदि मौजूद रहे।