अजीतमल। ग्राम पंचायत जगतपुर में बनी पानी की टंकी की मोटर 15 दिन से खराब पड़ी है। इससे मुरादगंज कस्बे में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।
हालांकि एक बार मोटर बदलकर डाली गई लेकिन कम पावर की मोटर पानी नहीं उठा पा रही है। कस्बे के लोगों ने शीघ्र जल आपूर्ति कराए जाने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगतपुर में जल निगम द्वारा एक पानी की टंकी बनवाकर मुरादगंज व तुर्कीपुर भगवानदास को पानी आपूर्ति शुरू की थी। इसके बावजूद अब तक तुर्कीपुर भगवानदास में पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है। हालांकि मुरादगंज कस्बे को इस टंकी से पानी लगातार आपूर्ति किया जाता रहा है।
पिछले 15 दिन पहले टंकी की मोटर खराब हो गई। इसकी शिकायत ब्लॉक सहित जल निगम से की गई थी। इसके कई दिनों बाद पहुंचे मिस्त्री द्वारा टंकी में दूसरी मोटर लगाई गई लेकिन वह पानी नहीं उठा सकी।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि टंकी में 12 एचपी की मोटर लगी हुई थी लेकिन नई मोटर 10 एचपी की थी। इसके चलते पानी नहीं उठा और आपूर्ति नहीं हो सकी। कस्बे के लोग मोहल्लों में लगे सबमर्सिबल या हैंडपंपों से पानी भरकर ला रहे हैं।
-
लोग बोले-लाइन में लीकेज
कस्बे से पांच किलोमीटर दूर टंकी बनाई गई है। इससे लंबी लाइन होने से कई जगह लीकेज है। इससे पानी कस्बे की नई बस्ती तक नहीं पहुंचता था। अब आपूर्ति बिल्कुल बंद है।-रवींद्र सिंह
गर्मी का सीजन होने से ज्यादा पानी की जरूरत होती है। ऐसे में पानी की आपूर्ति न मिलने से कस्बे के लोग दूरदराज मोहल्लों में लगे हैंडपंपों से पानी भरने के लिए मजबूर है। -गंगा सिंह
-
टंकी की मोटर खराब हो गई है। इसे एक बार बदलवाया जा चुका है लेकिन कामयाबी नहीं मिली है। शीघ्र ही खराब मोटर को बदलवाकर पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
-पवन कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम