एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने मंगलवार को शहर के सिटी मांटेसरी व डाक्टर अनुराधा त्रिपाठी परीक्षा केंद्रों पर छापा मारा। इस दौरान चार साल्वरों को पकड़ा गया। उनके पास से 18 साल्वड व 35 खाली उत्तर पुस्तिकाएं बरामद की गईं। साल्वरों व संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों व छात्रों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर खानपुर रोड स्थित सिटी मांटेसरी इंटर कालेज व डाक्टर अनुराधा त्रिपाठी बालिका इंटर कालेज परीक्षा केंद्रों पर एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने छापा मारा। शाम की पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा के दौरान एसडीएम सदर के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा केंद्र के बाहर जमा कुछ लोग भाग खड़े हुए।
इस दौरान पुलिस ने चार साल्वरों शिवानंद पुत्र विश्वमहर, देवेंद्र कुमार पुत्र रामआसरे, भाष्कर कुमार पुत्र प्रेमदास निवासीगण ग्राम खानपुर तथा आशीष कुमार पुत्र वीरेंद्र बाबू निवासी मोहल्ला शुक्लन टोला औरैया को दौड़ाकर पकड़ लिया। उनके पास से एसडीएम सदर ने 18 साल्वड उत्तर पुस्तिकाओं के अलावा 35 रिक्त उत्तर पुस्तिकाओं की बी कापी बरामद की हैं।
बरामद साल्वड उत्तर पुस्तिकाओं में 15 सिटी मांटेसरी व 3 डाक्टर अनुराधा त्रिपाठी परीक्षा केंद्रों के परीक्षार्थियों की हैं। एसडीएम सदर ने पकड़े गए साल्वरों के अलावा परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों व संबंधित परीक्षार्थियों के विरुद्ध शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।