एरवाकटरा। युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित चल रहे मां-बेटा कमला देवी व कैलाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगरिया राजाराम निवासी नेहा (21) ने बीते आठ दिसंबर को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। शव के पास सुसाइड नोट मिला था, जिसमें में गांव के ही चार लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया था। युवती के पिता ने चार नामजद लोगों के विरुद्ध बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले में पुलिस ने 15 दिसंबर को वांछित चल रहे आकाश नायक को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। अन्य वांछितों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी हरिहर सिंह ने टीम के साथ कुदरकोट मोड़ पर भागने की फिराक में खड़े कैलाश नायक व उसकी मां कमला देवी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया।