औरैया। लॉकडाउन के दौरान किराना, सब्जी और दूध की दुकानों पर भीड़ दिख रही है। प्रशासन की लाख कवायद के बाद भी लोग कोविड मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में संक्रमण बढ़ने का खतरा है।
मंगलवार सुबह से इटावा रोड, गोशाला रोड, यमुना रोड, दिबियापुर रोड आदि मार्गों पर भीड़ रही। सुबह 11 बजे तक बाजारों में खरीदारी की गई। इस दौरान कहीं भी सामाजिक दूरी नहीं दिखी। बेला थाने के सामने लगी सब्जी की दुकानें काफी देर तक खुली रहीं। लोग दोपहर तक सब्जी और अन्य सामान की खरीदारी करते रहे। हालांकि कस्बे में 11 बजे तक दुकानें बंद करा दी गईं। जबकि कुछ ठेले वाले और गुमटी पर सामान बेचने वालों को पुलिस ने खदेड़ दिया।