कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध उच्च शिक्षा के लिए तिलक महाविद्यालय में विश्वविद्यालय से 2014-15 सत्र में बीए के छात्र-छात्राओं के लिए 300 अतिरिक्त सीटों का इजाफा किया गया है।
इससे इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने से वंचित रहने वाले छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। वहीं महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में 22 जून से शुरू प्रवेश की प्रक्रिया 31 जुलाई को बंद हो जाएगी।
इंटर का रिजल्ट आने के बाद से छात्र-छात्राओं का रुख अब महाविद्यालय की ओर है। तिलक महाविद्यालय में संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष भी नए छात्र-छात्राओं के आगमन को लेकर अपनी तैयारियां जुटाने में लगे हुए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालय में इस बार 300 सीटों का अतिरिक्त इजाफा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि पूर्व में महाविद्यालय में बीए पाठ्यक्रम में 900 सीटें थीं, लेकिन वर्ष 2014-15 सत्र से महाविद्यालय में 1200 सीटों में प्रवेश की व्यवस्था की गई हैं।
इनमें बीएड, बीपीएड व एमएड में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश का प्रावधान है, जबकि अन्य सभी पाठ्यक्रमों में पहले आओ- पहले पाओ के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया का प्रावधान किया गया है।
महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों में शासनादेश का पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत अनुसूचित जाति- जनजाति के आवेदकों को पांच प्रतिशत की छूट तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़िय़ो को प्रवेश प्रक्रिया में दो प्रतिशत की छूट के निर्देश हैं।
वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग, विकलांग एवं सैनिक पाल्य आदि को शासनादेश के तहत छूट का प्रावधान है। उक्त पाठ्यक्रमों में इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया 22 जून से 31 जुलाई तक निर्धारित की गई है।
22 जून से शुरू होने वाली प्रवेश प्रक्रिया के लिए सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। वहीं कुछ पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय ने शर्ते निर्धारित की हैं। इसमें यदि छात्र-छात्राओं को एमए अर्थशास्त्र में प्रवेश लेना है तो इसके लिए बीएससी में उसके पास 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
वहीं एक वर्षीय गैप होने पर ही प्राचार्य को प्रवेश देने के अधिकार दिए गए हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं काउंटर पर फार्म जमा कर प्रवेश ले सकते हैं।-डा. अविनाश गुप्ता प्राचार्य, तिलक महाविद्यालय, औरैया