बिधूना। मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर लगातार अनुमान जारी किए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश नहीं हो रही है। चार दिनों से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना है। तापमान में खास गिरावट न होने के बावजूद आसमान में बादल छाए रहने और हवा में नमी अधिक रहने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
सोमवार को कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. राम पलट सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे में 16.2 मिमी बारिश का अनुमान जताया गया है। खास बात यह है कि रविवार को भी मौसम विभाग ने 9.4 मिमी बारिश का अनुमान लगाया था, लेकिन क्षेत्र में अनुमान के मुताबिक बारिश नहीं हुई। अब विभाग ने एक बार फिर अगले 24 घंटे में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
इससे लोगों और किसानों की निगाहें मंगलवार के मौसम पर टिक गई हैं। यदि अनुमान के मुताबिक करीब 16.2 मिमी बारिश होती है तो खेतों में नमी बढ़ने के साथ धान की फसल को फायदा मिलने की उम्मीद है। किसानों को सिंचाई पर होने वाले खर्च से भी कुछ राहत मिल सकती है। किसानों का कहना है कि एक ओर बादल और नमी का माहौल है तो दूसरी ओर बारिश न होने से वह आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं।