औरैया। कोरोना के बीच कड़ाके की ठंड ने बेहाल कर रखा है। मौसम में गलन और शीत लहर चरम पर है। रविवार दोपहर बाद धूप निकली, लेकिन बेअसर रही। रविवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री व अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन दिनों सर्दी का सितम जारी है। हफ्ते भर पहले हुई बारिश के बाद से ही लगातार बादलों ने डेरा जमाया हुआ है। शनिवार की तरह ही रविवार को मौसम में कोई खास तब्दीली नहीं हुई। सुबह के समय घना कोहरा काबिज रहा। वाहन चालकों की हेडलाइट जलाकर निकलना पड़ा। दोपहर बाद धूप निकली, लेकिन लोग बेहाल रहे। ठंड व शीतलहर को देखते हुए लोग घरों के बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।