औरैया। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम बृजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक कलक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, कार्मिकों के प्रशिक्षण, क्षेत्र आवंटन, तकनीकी व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत कवरेज, आंकड़ों की शुद्धता और सूचनाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचकर निर्धारित प्रश्नावली के आधार पर ही जानकारी दर्ज करें, ताकि कोई भी परिवार छूट न पाए और त्रुटि की संभावना न्यूनतम रहे। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में मुख्य आधार बनते हैं।
सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ करें। साथ ही आमजन को सही जानकारी देने के लिए जागरूक करने पर बल दिया। बैठक में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।