औरैया। समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत जिले मेें कोविड-19 के तहत प्रवासी मजदूरों के बच्चों का सर्वे कराया जाए। साथ ही उन्हें फॉस्टर केयर आदि योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। भट्ठे पर कार्य कर रहे बच्चों को बाल श्रम उन्मूलन के तहत मुक्त कराया जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जन्म लेने वाली बालिकाओं के माता-पिता को कन्या गौरव सम्मान पत्र, बेबी केयर किट एवं कपड़े आदि का वितरण किया जाए। जन्म लेने वाली बालिकाओं के नाम से पौधरोपण किया जाए।
डीएम अभिषेक सिंह ने ये निर्देश बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं समेकित बाल संरक्षण योजना की कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिए। बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत वर्ष 2020-21 में भारत सरकार द्वारा अनुमोदित कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। जिला प्रोबेशन अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की वार्षिक कार्य योजना प्रस्तुत की। सीएमओ को निर्देश दिए कि आशाओं के माध्यम से घर घर जाकर प्रचार-प्रसार कराया जाए। बैठक में सीडीओ बृज किशोर पाठक, सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव आदि अधिकारी उपस्थित रहे।