औरैया। पंचायत चुनाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कोरोना संक्रमित मरीजों की सूची भी मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई जाएगी। संवेदनशील बूथ और प्रमुख चौराहों की दुकानें मतदान के दिन पूरी तरह से बंद रहेंगी।
मंडलायुक्त राजशेखर ने चुनाव संबंधी तैयारियों की बैठक लेते हुए ये दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र के बाहर निगरानी समिति की कोरोना हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। निगरानी समिति के पास पल्स आक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर होना जरूरी है। निगरानी समिति के लोग बिना तापमान चेक किए किसी को वोट डालने के लिए अंदर नहीं भेजेंगे।
गांव के संक्रमित लोगों की सूची संबंधित स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी निगरानी समिति को उपलब्ध कराएंगे। संक्रमित व्यक्ति को भीड़ में वोट डालने नहीं दिया जाएगा। संक्रमित व्यक्ति के वोट डालते पाए जाने पर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दिन भी प्रमुख चौराहे, संवेदनशील इलाकों की दुकानें हर हाल में बंद रहेंगी, ताकी लोग इकट्ठा न हो सकें या किसी प्रकार की अफवाह न उड़ा सकें।
डीएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि संक्रमित लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मतदान के दिन कोविड नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाएगी और कार्रवाई होगी। चुनाव संबंधी जानकारी के लिए ककोर मुख्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां लोग शिकायतें और समस्या बता सकते हैं।
तहसील में बना कंट्रोल रूम
अजीतमल। अजीतमल तहसील में चुनाव को लेकर कंट्रोल रूम खोल दिया गया। साथ ही प्रशासन ने कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी कर दिया है। मतदान के दिन किसी भी तरह की क्षेत्रीय समस्या आने पर इस कंट्रोल रूम नंबर पर फोन करके शिकायत दर्ज कराई जा सके। तहसीलदार संध्या शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 8954020304 जारी किया गया है। कंटोल रूम नंबर दो दिनों के लिए रात-दिन खुला रहेगा। चुनाव संबंधी कोई भी जानकारी/शिकायत या किसी भी अराजक तत्व के बारे में कोई भी इस नंबर पर कॉल कर अवगत करा सकता है।
ईंट पत्थर हटवाने में जुटी पुलिस
अजीतमल । चुनाव में किसी भी तरह की कोई समस्या न हो इसके लिए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। हर स्थिति पर नजर बनाते हुए किसी भी प्रकार की संभावना को देखते हुए जरूरी कदम भी उठा रही है। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में बनाए गए पोलिंग बूथों के आसपास ईंट, पत्थर हटवाए। पोलिंग बूथ से दो सौ मीटर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन कड़ी निगरानी रखेगा।