फोटो-37-घर के बाहर मौजूद मृतका के परिजन। संवाद
बिधूना। कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर (पुराना बिधूना) में शनिवार शाम एक विवाहिता की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के मायकेवालों ने ससुरालियों पर इलाज में लापरवाही व मारपीट का आरोप लगाया है।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी हामिद की बेटी रजिया (25) का निकाह बेला थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर में हुआ था। परिजन के अनुसार रजिया की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी, इससे ससुराल पक्ष पांच मार्च को उसे मायके छोड़ गया था। शनिवार को पिता उसे इलाज के लिए कानपुर ले गए थे। वहां से लौटने के बाद शाम करीब 5:30 बजे उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी बिधूना लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
महिला के पिता ने ससुराल पक्ष पर इलाज में लापरवाही और मारपीट के आरोप लगाए हैं। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।