एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने विवाहिता की शादी से पहले की आपत्तिजनक तस्वीरों के दम पर न केवल उसे ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया। अब आरोपी सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे गांव निवासी सुधांशु शाक्य ने उसे फोन किया। आरोप है कि सुधांशु के पास पीड़िता की शादी से पहले की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें थीं। उसने धमकी दी कि अगर वह खेत पर नहीं आई तो वह इन तस्वीरों को सार्वजनिक कर देगा। बदनामी के डर से पीड़िता वहां पहुंची जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते समय आरोपी ने महिला को मारने की धमकी दी। लोकलाज के भय से परिवार ने चुप रहना ही बेहतर समझा लेकिन इसी खामोशी का फायदा उठाकर आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए। पीड़िता का आरोप है कि सुधांशु अब उसे फोन कर बार-बार बुलाने लगा और मना करने पर जीवन बर्बाद करने की धमकी देने लगा। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।