बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुर्वा पट्टी में मंगलवार की देर रात एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ने ससुर व सास पर तीन लाख रुपये व जेवरात मांगने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग पाया गया है। इस प्रकरण में पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार पति व ससुर की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुरवा पट्टी निवासी प्रदीप कुमार की शादी कानपुर देहात के थाना मंगलपुर गांव मुबारकपुर निवासी सोनी देवी (28) के साथ 25 अप्रैल 2013 को हुई थी। सोनी के दो बेटियां हैं। जिसमें आंसी (5) व प्रांसी (2) है। सोनी का पति प्रदीप बिजली विभाग में प्राइवेट लाइनमैन है। मंगलवार को सोनी की सास खेतों पर बकरियां चराने गई थी। जबकि प्रदीप अपनी ड्यूटी पर गया था। शाम को सोनी की सास जब बकरियां लेकर घर लौटी तो उसने सोनी को घर के अंदर कमरे में साड़ी से फांसी के फंदे पर लटका देखा। उसने शोर मचाया, शोरगुल सुनते ही आसपास के लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह साड़ी को काटकर फांसी पर लटकी सोनी को नीचे उतारा लेकिन तब तक सोनी की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया तथा बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के भाई शिवपूजन ने कोतवाली पुलिस को मृतका के पति प्रदीप कुमार, ससुर अशोक कुमार व सास कुसमा पर दहेज में तीन लाख रुपये व जेवरात की मांग करने का आरोप लगाया। कहा कि उक्त मांग पूरी न कर पाने के चलते उक्त लोग उसकी बहन के साथ पूर्व में भी कई मारपीट कर चुके हैं। जिसमें कई बार बहन के मायके वालों को समझाकर मामला शांत कराया। बताया कि मंगलवार को उन्हें फोन से बहन द्वारा फांसी लगा लेने की सूचना मिली। इस पर जब वह अपनी बहन की ससुराल आया तो उसकी बहन मर चुकी थी। पुलिस ने मृतका के भाई शिवपूजन की तहरीर पर पति, सास, ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उधर मृतक महिला की सास ने बताया कि सोनी मायके जाने की जिद कर रही थी। छोटी बच्ची की तबीयत खराब होने के चलते उन लोगों ने उसे मायके जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर एकांत में मौका पाकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति ने बताया कि मृतका की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। वहीं कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में नामजद सास को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पति व ससुर की तलाश की जा रही है।