औरैया। कोरोना के खौफ के बीच औरैया जिले के दिबियापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति के थाईलैंड से लौटने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। हालांकि बाद में पता चला कि थाईलैंड से लौटे व्यक्ति का पासपोर्ट पूर्व में दिबियापुर के पते पर बना था। परंतु अब वह सोनभद्र जिले में रह रहा है। इस पर संबंधित डाटा सोनभद्र जिले में भेज दिया गया।
नोडल अधिकारी डॉ.शिशिर पुरी ने बताया कि शासन से एक सूची मिली थी। इसमें एक व्यक्ति के थाईलैंड यात्रा से लौटने की जानकारी दी गई थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित व्यक्ति के पासपोर्ट में अंकित पते पर पहुंची। परंतु उस समय स्वास्थ्य विभाग की टीम बैरंग लौट आई। उस पते पर कोई और व्यक्ति रहता मिला।
संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी करने पर पता चला कि थाईलैंड यात्रा से लौटा व्यक्ति अब सोनभद्र के रिहंद में है। डॉ.शिशिर पुरी के अनुसार थाईलैंड यात्रा से लौटे व्यक्ति का पासपोर्ट तो दिबियापुर से बना है। परंतु अब वह सोनभद्र में है। इसलिए प्रशासन से प्राप्त डाटा सीएमओ सोनभद्र को भेजा जा रहा है।