फोटो-31-बाजार में सजी दुकान। संवाद
औरैया। मकर संक्रांति पर बाजार में लाई व तिल की चिक्की की दुकानों पर बिक्री शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति पर स्नान, ध्यान व दान के बाद लोग तिल और खिचड़ी का दान करेंगे।
वृद्धि योग के संयोग से इस बार मकर संक्रांति पर्व विशेषता और बढ़ गई है। ज्योतिष के अनुसार पर्व पर ग्रहों के मिलन से तिल द्वादशी और वृद्धि योग का संयोग बन रहा है। मान्यता है कि इस संयोग पर पुण्य स्नान और दान का दोगुना महत्व हासिल होगा।
वहीं, मकर संक्रांति को लेकर बाजार में तिल के लड्डू से लेकर शकरकंद व पट्टी की डिमांड बढ़ गई है। लोग इनकी खरीदारी कर रहे हैं। शकरकंद जहां 40 रुपये किलो के भाव से मिल रही है। वहीं तिल व लाई की चिक्की का पैकेट 30 रुपये में मिल रहा है। ज्योतिषाचार्य पंडित वीरेंद्र मोहन शुक्ला ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। 15 जनवरी को सूर्योदय से दोपहर 1:39 बजे तक स्नान-दान का पर्व होगा।
उधर, इस बार शुक्र अस्त होने के कारण मकर संक्रांति से मांगलिक कार्य शुरू नहीं होंगे। शुक्र उदय होने के बाद दो फरवरी से मांगलिक कार्य हो सकेंगे।