औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाकरपुर बोहरा में गुरुवार को दोपहर कच्चे मकान की दीवार ढहने से उधर से जा रहा अधेड़ मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को 50 शय्या जिला अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव बाकरपुर बोहरा निवासी रघुवर दयाल (50) मजदूरी करते थे। गुरुवार को दोपहर घर जा रहे थे। रास्ते में मुन्ना बाबू के कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह मलबे से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें 50 शय्या जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
---