औरैया। एक विचित्र पहल सेवा समिति की महिला शाखा तुलसी की आवश्यक बैठक फूलमती मंदिर में हुई। बैठक में प्रभु जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा का नगर भ्रमण कार्यक्रम पर सर्वसम्मति से विचार विमर्श किया गया। जिसमें महिला शाखा तुलसी के सदस्यों ने एक जुलाई को शोभायात्रा निकालने की घोषणा की।
बैठक में तुलसी शाखा की अध्यक्ष लक्ष्मी विश्नोई ने बताया कि शोभा यात्रा फूलमती मंदिर से शुरू होकर शहीद पार्क रोड, सुभाष चौक, इटावा रोड, संजय गेट, गुरुहाई मुहाल, संकट मोचन मार्ग, लेडीज मार्केट, हलवाई खाना, सदर बाजार, तहसील चौराहा, दिबियापुर रोड होते हुए वापस फूलमती मंदिर पहुंचेगी। यहां पर प्रसाद वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा।
नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा शोभा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा व भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए ठंडे पीने के पानी आदि से स्वागत कार्यक्रम की भी रूपरेखा तैयार की जा रही है। बताया कि प्रभु जगन्नाथ जी की शोभायात्रा का शुभारंभ जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव से कराया जाएगा। इसके लिए जल्द उनसे संपर्क किया जाएगा।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने विचित्र पहल परिवार व नगर के सम्मानित श्रद्धालुओं से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। इस दौरान महिला शाखा की प्रभारी बबिता गुप्ता, शांति गुप्ता, मधु शर्मा, रजनी विश्नोई, एकता गुप्ता, अनीता पोरवाल, मालती लक्षकार, कुमकुम वर्मा, सीमा गुप्ता, गीता गहोई, नीलम विश्नोई, तृप्ति मिश्रा, ज्योति विश्नोई, गीता तिवारी, डॉ. अनूप विश्नोई तथा फूलमती मंदिर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।