खाली बक्सा दिखाता पीड़ित शिव मोहन
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जरूहौलिया में रविवार की रात चोरों ने चार घरों के ताले तोड़ दिए। एक किसान के घर से नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के समय किसान के घर में सभी लोग एक शादी समारोह में गए थे। जबकि भतीजा अपनी पत्नी के साथ छत पर बने कमरे में सो रहा था। चोरों ने कमरे की कुंडी बंद करके घटना को अंजाम दिया। चोर किसान के घर में बक्से में रखी लाइसेंसी बंदूक भी ले गए। इसके बाद चोरों ने एक मजदूर के घर से बक्सा पार कर दो हजार रुपये उड़ाए तथा एक अन्य के घर से बक्से से कपड़े उठा ले गए। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ व इंस्पेक्टर कोतवाली ने मामले की जांच पड़ताल की।
गांव जरूहौलिया निवासी किसान भूप सिंह पुत्र स्व.अमर सिंह ने बताया कि रविवार की रात वह परिवार समेत शादी समारोह में गांव दमनपुर थाना राजपुर जनपद कानपुर देहात गए थे। घर में उनका भतीजा दलवीर सिंह पुत्र अमृत सिंह अपनी पत्नी के साथ छत पर बने कमरे मेें सो रहा था। रात में चोरों ने छत पर सो रहे भतीजे के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी।
इसके बाद तीन बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे 56 हजार रुपये नगद के अलावा लाखों रुपये के जेवरात तथा एक लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक पार कर ले गए। उधर चोरों ने गांव निवासी शिवमोहन के घर में घुसकर सोते समय कमरे की बाहर से कुंडी बंद कर दी। दूसरे कमरे में रखा कपड़ों से भरा बक्सा उठा ले गए। यहां के बाद चोर गांव निवासी कल्लू रैदास के घर पहुंचकर कमरे के अंदर रखा बक्सा ले गए।
पीड़ित शिव मोहन ने बताया कि चोर उसके घर से कपड़े ही ले जा सके। जबकि कल्लू ने बताया कि वह मजदूरी करता है तथा त्योहार मनाने के लिए किसी तरह से दो हजार रुपये जुटाकर रखे थे, जो चोरी हो गए हैं। इसके बाद चोरों ने गांव निवासी शत्रुघन के बाड़ा का ताला तोड़ा लेकिन वहां कुछ भी न होने के चलते कुछ भी नहीं ले जा सके।
घटना की जानकारी पर देर रात ही अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव, प्रभारी कोतवाली इंस्पेक्टर शशांक राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल डॉग स्क्वॉड तथा फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई गई। वहीं सुबह पहुंची सर्विलांस टीम ने मोबाइल नंबरों की जांच पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू करा दी गई है।