बेला(औरैया)। कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने के बाद भी यहां के लोगों में जागरूकता नहीं दिख रही है। सब्जी मंडी व अन्य बाजारों में सोशल डिसटेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए खरीदारी करने आ रहे हैं। दुकानदार भी मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। कमोबेश यही हाल सरकारी दफ्तरों का भी है, वहां भी कोविड नियमों की अनदेखी हो रही है।
कस्बे में कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। दुकानदार और ग्राहक दोनों मास्क नहीं लगा रहे हैं। इसी प्रकार खानपान सामग्री की दुकानों और चाट पकौड़ी की दुकानों पर लोग बिना किसी सावधानी के खरीद फरोख्त कर रहे हैं। मंगलवार को सुबह सब्जी मंडी में ज्यादातर लोग बिना मास्क के ही खरीदारी करते दिखे। बैंकों में भी ग्रामीणों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बैंक के अंदर जाने की जल्दी में धक्कामुक्की भी करते हैं।
कोरोना काल में बाइक पर एक सवारी चले तो बीमारी फैलने की आशंका नहीं है पर यहां बाइक पर तीन-तीन लोगों को सवार होकर आवाजाही कर रहे हैं। इनमें भी कई लोग मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने बताया कि समय-समय पर बाजारों में भी चेकिंग अभियान चलाया जाता है। लेकिन फिर भी ग्रामीण नहीं मानते हैं।