औरैया। अजीतमल कोतवाली के कस्बा अटसू स्थित गेस्ट हाउस में शादी के दौरान लाठी-डंडे चल गए। इसमें दूल्हे के मामा व चाचा घायल हो गए।
पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई। बाद में तहरीर के आधार पर दुल्हन के भाई पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे दो दिन पहले तिलक में हुए विवाद की बात सामने आई है।
फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि 11 दिसंबर को अपने भाई की बरात लेकर अटसू स्थित गंगा उत्सव गार्डन आया था। बृहस्पतिवार देर रात 11 बजे बरात चढ़ रही थी। इसी दौरान कोतवाली के गांव दुर्वासपुर निवासी लड़की के भाई अनिल कुमार और छुन्ना ने दूल्हे के चाचा शैलेंद्र कुमार और मामा जितेंद्र कुमार पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
वह लोग बचाने के लिए पहुंचे लोगाें को जान से मारने की धमकी देने लगे। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में बातचीत के बाद शादी हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई। शुक्रवार सुबह दूल्हे के भाई कुलदीप ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शादी के दौरान मारपीट के मामले में पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।