फोटो-40 मैदान में दमखम दिखाते खिलाड़ी। स्रोत:आयोजक
अजीतमल। गांव हजरतपुर में नीरज राजपूत की स्मृति में राज क्रिकेट क्लब टेनिस बॉल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा। इसमें मंगलवार देर रात खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में लालमन इलेवन और चंदैया इलेवन की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले मैच में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में गोपियापुर और लालमन इलेवन की टीम आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोपियापुर की पूरी टीम 57 रन पर सिमट गई। लालमन इलेवन के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जीत के लिए मिले 58 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लालमन इलेवन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और सात ओवर में 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस मैच में अखिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला चंदैया इलेवन और महादेव मोबाइल्स के बीच खेला गया। महादेव मोबाइल्स के कप्तान वैभव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम निर्धारित ओवरों में 60 रन ही बना सकी।
जवाब में चंदैया इलेवन के कप्तान विकास की अगुवाई में टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को छह ओवर में हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की। चंदैया इलेवन टीम के मोनू को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।